ARC के बारे में
एडवोकेटिंग रिप्रोडक्टिव चॉइसेज़ (ARC) स्वयं सेवी संस्थाओं का एक गठबंधन है, जो यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य और अधिकार के क्षेत्र में कार्यरत है। यह गठबंधन वर्ष 2005 में इस उद्देश्य से बनाया गया था कि परिवार नियोजन एवं प्रजनन स्वास्थ्य से सम्बंधित मौजूदा नीतियों और कार्यक्रमों को अपने सदस्यों की सामूहिक शक्ति के माध्यम से सशक्त किया जा सके। इसका मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) व अन्य संबंधित विभागों के साथ रणनीतिक रूप से संवाद स्थापित करना है, ताकि गर्भनिरोधक विकल्पों का विस्तार किया जा सके, गर्भनिरोधक के साधनों की गुणवत्ता में सुधार हो और गर्भनिरोधक तथा प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, सुलभता और वहन करने की योग्यता को सुनिश्चित की जा सके।
ए॰आर॰सी॰ का इतिहास
2005 में, समान विचारधारा वाले व्यक्तियों और स्वयं सेवी संस्थानों ने एक नेटवर्क बनाने के लिए एकत्र होकर ऐसे मंच की स्थापना की, जिसका उद्देश्य गर्भनिरोधक विकल्पों और तरीकों की विस्तृत श्रृंखला तक समान और न्यायसंगत पहुंच को बढ़ावा देना था। तब से यह गठबंधन अपने सदस्यों की क्षमताओं को सुदृढ़ करने और स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ उनकी सहभागिता को सुविधाजनक बनाने का कार्य कर रहा है, ताकि यौन और प्रजनन स्वास्थ्य अधिकारों के आंदोलन को समग्र रूप में आगे बढ़ाया जा सके। नेटवर्क का पहला सचिवालय 2005 से 2007 तक परिवार सेवा संस्थान में स्थित था, जिसके बाद 2008 से 2015 तक फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FPAI) ने ARC सचिवालय की मेज़बानी की। 2015 से 2022 तक पॉप्युलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के पास ए॰आर॰सी॰ की कमान थी, जिसे 2023 में द वाईपी फाउंडेशन को स्थानांतरित कर दिया गया।
ARC की प्रमुख उपलब्धियाँ:
- गर्भनिरोधक विकल्पों के विस्तार की सफल पैरवी की गई, जिसके परिणामस्वरूप इंजेक्टेबल गर्भनिरोधक (अंतरा) की शुरुआत हुई — यह महिलाओं की पसंद और स्वायत्तता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
- परिवार नियोजन को सिर्फ़ एक स्वास्थ्य कार्यक्रम के रूप में देखने की बजाय, गर्भनिरोध को एक सार्वभौमिक अधिकार के रूप में मान्यता देने की दिशा में प्रयास किया गया, जिसमें महिलाओं के सशक्तिकरण और सूचित विकल्प जैसे संरचनात्मक मुद्दों को प्रमुखता दी गई।
- स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) की वार्षिक पहल "दसवीं कॉमन रिव्यू मिशन (CRM)" के दौरान परिवार नियोजन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए महत्वपूर्ण सिफारिशें प्रस्तुत की गईं।
- ARC को FP2020 के लिए भारत का स्वयं सेवी संस्थाओं के फोकल पॉइंट के रूप में नामित किया गया और इसे "इंडिया कंट्री एंगेजमेंट ग्रुप" में शामिल किया गया।
- ARC ने एक नीति और मीडिया थिंक टैंक के रूप में कार्य किया, और गर्भनिरोधक की गुणवत्ता, परिवार नियोजन कार्यक्रमों में ज़बरदस्ती की जाने वाली प्रथाएँ, और प्रतिगामी नीतियों और बयानों जैसे मुद्दों को निरंतर उजागर किया।
नोट: CRM स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला मूल्यांकन है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत राज्यों में किए गए प्रयासों की समीक्षा करना है। ARC के सदस्यों को नेशनल इंजेक्टेबल टास्क फोर्स का हिस्सा बनने हेतु आमंत्रित किया गया था।